राहुल को बिहार में दलित, पिछड़ा छात्रों से संवाद करने से रोकने पर भड़की कांग्रेस

नयी दिल्ली, 15 मई (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि वह बिहार के दरभंगा में अम्बेडकर हॉस्टल में दलित तथा पिछड़ा वर्ग के छात्रों से संवाद करना चाहते हैं लेकिन उन्हें रोका जा रहा है हालांकि संविधान और लोकतंत्र में तानाशाही से कोई उन्हें रोक नहीं सकता है।

श्री गांधी को दलित छात्रों से संवाद करने से रोकने की खबर आते ही कांग्रेस का गुस्सा भड़क गया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के इस प्रयास को तानाशाही करार दते हुए इसे निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार न्याय और क्रांति की धरती है और वहां की जनता इस तरह की तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

इससे पहले श्री गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा “बिहार में एनडीए की ‘डबल इंजन धोखेबाज़ सरकार’ मुझे अंबेडकर हॉस्टल में दलित और पिछड़े छात्रों से बातचीत करने से रोक रही है। संवाद कब से अपराध हो गया। नीतीश जी, आप किस बात से डर रहे हैं। क्या बिहार में शिक्षा और सामाजिक न्याय की स्थिति छुपाना चाहते हैं। भारत लोकतंत्र है, संविधान से चलता है, न कि तानाशाही से, हमें सामाजिक न्याय और शिक्षा के लिए आवाज़ उठाने से कोई नहीं रोक सकता।”

श्री खरगे ने कहा “अब क्या दलित, वंचित, पिछड़े वर्ग के छात्रों से संवाद करना संविधान के खिलाफ है। क्या उनकी शिक्षा, उनकी भर्ती परीक्षा और नौकरियों के बारे में उनसे बातचीत करना कोई पाप है। जद-यू-भाजपा सरकार ने बिहार में दरभंगा के आंबेडकर हॉस्टल में ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम में श्री गांधी को शामिल होने से रोकना तानाशाही की पराकाष्ठा है। लोकतंत्र की जन्मस्थली, बिहार इस अन्याय को याद रखेगी और समय आने पर जद-यू भाजपा को इसका उचित जवाब भी देगी।”

श्रीमती वाड्रा ने कहा “दरभंगा के अंबेडकर हॉस्टल में ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम के तहत छात्रों से संवाद करने जा रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रोकना अत्यंत शर्मनाक, निंदनीय एवं कायराना कृत्य है। तानाशाही पर उतारू जद-यू-भाजपा गठबंधन की सरकार को यह बताना चाहिए कि क्या बिहार में नेता प्रतिपक्ष का जाना अपराध है या दलितों, पिछड़ों, वंचितों और गरीबों की आवाज उठाना अपराध है। न्याय और क्रांति की धरती ​बिहार की जनता यह तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेगी।”

 

 

Next Post

भोपाल में बिना लायसेंस के संचालित 17 मैरिज गार्डन सील

Thu May 15 , 2025
भोपाल: नगर निगम द्वारा शहर में बिना लायसेंस के संचालित किए जा रहे मैरिज गार्डन्स के विरूद्ध सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में निगम अमले द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मैरिज गार्डन/लॉन/बैंकविट हॉल/ओपन लॉन का निरीक्षण किया गया और लायसेंस/अनुमति तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न पाए […]

You May Like