एक्सिस बैंक और लक्ष्य शूटिंग क्लब ने की साझेदारी

नई दिल्ली 13 मई (वार्ता) निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक ने देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और शूटिंग स्पोर्ट्स को वैश्विक ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लक्ष्य शूटिंग क्लब के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत नवी मुंबई में एक विश्वस्तरीय ‘एक्सिस बैंक लक्ष्य शूटिंग क्लब हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी)’ स्थापित किया जाएगा।
इस समझौते पर एक्सिस बैंक के समूह कार्यकारी और प्रमुख (होलसेल बैंक कवरेज और सस्टेनेबिलिटी) विजय मुलबागल और लक्ष्य शूटिंग क्लब की अध्यक्ष एवं ओलंपियन सुमा शिरूर ने हस्ताक्षर किए। यह सेंटर युवाओं के लिए न सिर्फ प्रशिक्षण हब बनेगा बल्कि ओलंपिक स्तर के एथलीट्स को तैयार करने का भी प्रमुख केंद्र होगा।
इस शूटिंग सेंटर में एयर राइफल, एयर पिस्टल और सिमुलेटेड 50 मीटर रेंज की आधुनिक सुविधाएं होंगी। साथ ही एकीकृत खेल विज्ञान केंद्र, खेल मनोविज्ञान इकाई, चोट निवारण तथा रिकवरी सुविधाएं और आवासीय ट्रेनिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। यह केंद्र सालाना 400 से अधिक शूटर्स को प्रशिक्षण देने में सक्षम होगा, जिसमें रेजिडेंट और नॉन-रेजिडेंट दोनों तरह के खिलाड़ी शामिल होंगे। यह परिसर पैरा-फ्रेंडली होगा, जिससे पैरा-एथलीट्स और डेफलिंपिक प्रतिनिधियों को भी विशेष सहयोग मिलेगा।
एक्सिस बैंक के विजय मुलबागल ने कहा, “यह साझेदारी भारत में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह न केवल ओलंपिक के लिए भारत की तैयारियों को मजबूत करेगा बल्कि नई प्रतिभाओं को आगे लाने में भी मदद करेगा।”
लक्ष्य शूटिंग क्लब की सुमा शिरूर ने इस पहल को “एक सपने को साकार करने जैसा” बताया। उन्होंने कहा, “यह केंद्र एक ऐसा स्थान बनेगा जहां हर युवा निशानेबाज को लगेगा कि वह भी सफलता की दौड़ में है, उसके पास संसाधन और समर्थन है।”

Next Post

काबुल हवाई अड्डे पर दो तस्करों को गिरफ्तार कर सात किलो हेरोइन बरामद किया

Tue May 13 , 2025
काबुल, 13 मई (वार्ता) अफगानिस्तान में सीमा पुलिस बल कर्मियों ने काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से सात किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। सरकारी रेडियो एंड टेलीविजन ऑफ अफगानिस्तान (आरटीए) ने यह जानकारी दी। आरटीए ने सोमवार रात सीमा पुलिस बल […]

You May Like