ग्वालियर: फर्जी ढंग से बीएसएफ की वर्दी पहनकर घूम रहे युवक को बिलौआ थाना पुलिस ने पकड़ा है। जिसके खिलाफ पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है। भारत पाकिस्तान के बीच बने युद्ध के हालातों के बीच ग्वालियर में भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। एसएसपी धर्मवीर सिंह द्वारा सभी मातहतों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में बिलौआ थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि क्षेत्र के मकोड़ा में एक युवक बीएसएफ की वर्दी पहनकर घूम रहा है, जबकि वह बीएसएफ में नहीं है। जब उक्त जानकारी एएसपी निरंजन शर्मा तक पहुंची, तो उन्होंने डबरा एसडीओपी जितेंद्र नगाईच व बिलौआ टीआई इला टंडन को इस संवेदनशील मामले की तस्दीक करने के निर्देश दिए।
जिस पर उन्होंने एएसआई सुदीप परमार के नेतृत्व में थाने की टीम को बताए गए स्थान पर पहुंचाया। जिसने वहां घेराबंदी करते हुए बीएसएफ की वर्दीधारी एक संदिग्ध युवक को धर दबोचा। पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम राहुल सिंह जाटव पुत्र मलखान सिंह जाटव बताया है, जो मूलतः ग्राम खिदरपुर पोस्ट फरेंजी जिला मैनपुरी उत्तरप्रदेश का निवासी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसका भाई बीएसएफ में है, वह उसी की वर्दी पहनकर घूम रहा था।
