भोपाल: राजधानी भोपाल के भानपुर इलाके में सोमवार एक बड़ा हादसा सामने आया, जब वार्ड 74 स्थित सनराइज मैरिज गार्डन में एक के बाद एक कई गैस सिलेंडर फट गए। इस जोरदार धमाके से आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में 10 गैस सिलेंडरों के फटने की पुष्टि हुई है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह मैरिज गार्डन पिछले दो वर्षों से एक रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहा था। लोगों ने यहां लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और ध्वनि प्रदूषण की शिकायतें की थीं। चौंकाने वाली बात यह है कि इससे पहले भी इस मैरिज गार्डन में छोटे स्तर पर सिलेंडरों में आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सनराइज मैरिज गार्डन के नजदीक स्थित श्रीराम कॉलोनी, सिद्धिविनायक कॉलोनी और मोहाली खेजड़ा के रहवासियों ने इस गार्डन के संचालन पर बार-बार आपत्ति जताई थी। गंभीर आरोप यह भी है कि गार्डन में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग का कार्य भी किया जा रहा था, जिसकी शिकायतें पहले भी प्रशासन तक पहुंचाई गई थीं।
इस बड़े हादसे के बाद अब गार्डन संचालक रोहित साहू के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आसपास के कई घरों की दीवारें तक हिल गईं और लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।
फिलहाल, घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
