
भोपाल। अघोषित बिजली कटौती, मनमाने बिजली बिलों और कथित रूप से जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस ने रातीबड़ स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया। भोपाल ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर नागरिकों और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिना किसी पूर्व सूचना के कई-कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आमजन और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में अघोषित बिजली कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
युवा कांग्रेस ने पिछले तीन महीनों में जारी कथित रूप से बढ़े हुए बिजली बिलों का पुनः ऑडिट कराने तथा विवादित बिलों को 50 प्रतिशत तक कम करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने और पहले से लगाए गए स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर पुनः स्थापित करने की मांग की गई।
प्रिंस सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर विभाग लिखित आश्वासन देकर समस्याओं का समाधान शुरू नहीं करता, तो युवा कांग्रेस सड़क जाम, बिजली कार्यालयों का घेराव और व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।
