
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो लाखों उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
जीतू पटवारी ने अपने पत्र में कहा कि मध्य प्रदेश देश का अग्रणी दलहन उत्पादक राज्य है। किसानों ने सरकार के उत्पादन बढ़ाने के आह्वान पर भारी निवेश कर रिकॉर्ड स्तर पर मूंग का उत्पादन किया, लेकिन अब उन्हें एमएसपी पर अपनी उपज बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविक उत्पादन की तुलना में खरीदी का लक्ष्य काफी कम निर्धारित किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को मजबूरन निजी व्यापारियों को समर्थन मूल्य से कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ सकती है। उन्होंने हरदा सहित कई जिलों में किसानों के विरोध-प्रदर्शन का भी उल्लेख किया।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने पंजीयन, स्लॉट आवंटन, खरीदी क्षमता, गुणवत्ता परीक्षण और भुगतान व्यवस्था में भी खामियों का आरोप लगाया। उन्होंने सभी पंजीकृत किसानों से शत-प्रतिशत एमएसपी पर खरीदी, खरीदी लक्ष्य और केंद्रों की संख्या बढ़ाने, पंजीयन एवं गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रिया को सरल बनाने, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा प्रभावित जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर किसानों से संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
