
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को राज्य सरकार पर किसानों, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रीष्मकालीन मूंग उत्पादक किसानों की पूरी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जानी चाहिए। उनका आरोप था कि सरकार द्वारा निर्धारित खरीदी लक्ष्य वास्तविक उत्पादन की तुलना में काफी कम है, जिससे किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और इसका लाभ बिचौलियों को मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ती खेती लागत के मुकाबले एमएसपी में की गई वृद्धि अपर्याप्त है।
सिंघार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए इंदौर में केवल कागजों पर संचालित कथित “भूतिया अस्पताल” का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को बड़े-बड़े दावों के बजाय अस्पतालों में डॉक्टरों, दवाओं और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने आगामी दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का भरोसा जताया। साथ ही अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान से जुड़े कथित अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पूरे मामले की जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
