भोपाल, 11 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि स्व. श्री नरेंद्र सलूजा ने बहुत जल्द भाजपा की संगठन पद्धति को आत्मसात कर पार्टी के लिए प्रभावी भूमिका निभायी।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता स्व. नरेंद्र सलूजा की पुण्य स्मृति में आज यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद सहित वरिष्ठ नेताओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि सभा को संबोधित किया। श्रद्धांजलि सभा में स्व़ श्री सलूजा की पत्नी श्रीमती रिम्पी सलूजा, पुत्र मीत सलूजा एवं पुत्री आश्वी सलूजा सहित उनके परिजनों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्व. श्री सलूजा ने अपनी योग्यता से दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक दल भाजपा में बहुत कम समय में अपनी जगह बना ली थी। उन्होंने कर्मठता और ईमानदारी के साथ दायित्व का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार खोजी होता है, लेकिन स्व. श्री सलूजा की जानकारी पूर्ण होती थी, इसलिए उनकी सूचना सदैव सटीक होती थी। विपक्ष को किस मुद्दे पर घेरना है वे भलीभांति जानते थे।
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने कहा कि स्व. श्री सलूजा का व्यक्तित्व प्रखर और निडर था। वह सूचना के स्रोत थे। स्व. सलूजा ने पार्टी को हमेशा आगे और स्वयं को पीछे रखकर कार्य किया। उन्होंने कांग्रेस में रहते हुए कांग्रेस के लिए और भारतीय जनता पार्टी में आने के बाद हमारी पार्टी के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम कर जनता के बीच पार्टी की बात को रखने का काम किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ राघवेंद्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, कांग्रेस प्रवक्ता फिरोज सिद्दीकी आदि ने संबोधित कर स्व श्री सलूजा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
