भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं से सितंबर में सेवानिवृत्त हुए दो कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने बुधवार को भावभीनी विदाई दी।
नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पौधे एवं स्मृति-चिह्न भेंट किए तथा उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। इस दौरान उनके विभिन्न सेवानिवृत्ति स्वत्वों के भुगतान संबंधी आदेश भी प्रदान किए गए।
सेवानिवृत्त होने वालों में कल्याण शाखा की सूबेदार (एम) पल्लवी काटे और महिला सुरक्षा शाखा की कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रंजना श्रीवास्तव शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय परिवार ने दोनों के सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों और योगदान की सराहना की।
सहायक पुलिस महानिरीक्षक अंशुमान अग्रवाल ने दोनों कर्मचारियों के सेवाकाल की जानकारी दी। समारोह में विशेष पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सोलोमन यश कुमार मिंज सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित थे।
