भोपाल। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और गंभीर चोटों तथा मौतों को रोकने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस ने पूरे प्रदेश में हेलमेट और सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित करना भी है। हेलमेट या सीटबेल्ट का उपयोग नहीं करने से दुर्घटना की स्थिति में गंभीर चोट और मृत्यु का जोखिम बढ़ जाता है।
अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर विशेष चेकिंग की जाएगी। हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों और सीटबेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए भी हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
आईटीएमएस, सीसीटीवी और एएनपीआर के माध्यम से निगरानी कर ई-चालान किए जाएंगे। बार-बार नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस निलंबन के लिए प्रस्ताव भेजे जा सकते हैं। स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
