सतना: सरदार वल्लभभाई पटेल जिला चिकित्सालय सतना की रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी सभा की बैठक शनिवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पार्किंग, चिकित्सा सेवाओं और ई-हॉस्पिटल सॉफ्टवेयर के संचालन सहित कई विषयों पर निर्णय लिये गये। सिविल सर्जन डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि अप्रैल 2025 में लिये गये सभी निर्णयों की अनुवर्ती कार्यवाही पूरी कर ली गई है।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के नाम से आयुष्मान योजना के तहत बचत खाता खोलने, पूर्व आउटसोर्स एजेंसी की 1 लाख रुपये प्रतिभूति राशि राजसात करने और नई एजेंसी को कार्य देने पर चर्चा हुई। आय-व्यय की समीक्षा में बताया गया कि समिति के पास कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की राशि विभिन्न मदों में शेष है। बैठक में मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. एस.डी. गर्ग, सीएमएचओ डॉ. एल.के. तिवारी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
