इंदौर: देश में हवाई यात्रा को अधिक स्मार्ट, तेज और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में डिजी यात्रा ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. 38 हवाई अड्डों पर डिजी यात्रा के उपयोग का आंकड़ा 10 करोड़ से अधिक पहुंच गया है, जिससे लाखों यात्रियों को तेज चेक-इन, सुगम प्रवेश और परेशानी मुक्त बोर्डिंग की सुविधा मिल रही है.
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण एएआई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि डिजी यात्रा की यह उपलब्धि भारत में डिजिटल और निर्बाध हवाई यात्रा की दिशा में तेजी से हो रही प्रगति को दर्शाती है. प्राधिकरण के अनुसार, डिजी यात्रा के माध्यम से यात्रियों को हवाई अड्डों पर लंबी कतारों से राहत मिल रही है और उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक एवं समयबद्ध हो रही है.
डिजी यात्रा प्रणाली फेस रिकग्निशन तकनीक पर आधारित है, जो यात्रियों की पहचान को सुरक्षित और संपर्क रहित तरीके से सत्यापित करती है. इससे चेक-इन, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग प्रक्रिया तेज होती है तथा यात्रियों का समग्र यात्रा अनुभव बेहतर बनता है.यात्री डिजिटल समाधान अपना रहे प्राधिकरण के अनुसार, देशभर में डिजी यात्रा का बढ़ता उपयोग इस बात का प्रमाण है कि यात्री आधुनिक डिजिटल समाधानों को तेजी से अपना रहे हैं. यह पहल भारत के विमानन क्षेत्र को अधिक तकनीक-सक्षम, कुशल और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
