नयी दिल्ली, 06 अगस्त (वार्ता) वाहनों की बिक्री में पिछले साल सितंबर में शुरू हुई तेजी पिछले महीने भी जारी रही और खुदरा बिक्री में हर श्रेणी में जुलाई का नया रिकॉर्ड बना। वाहन डीलरों के महासंघ फाडा द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार जुलाई में देश में कुल 25,91,138 वाहन बिके जो पिछले साल जुलाई के मुकाबले 25.89 प्रतिशत अधिक है। हालांकि यह संख्या इस साल जून के 25,95,262 की तुलना में मामूली गिरावट दिखाती है। फाडा के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि हर श्रेणी – यात्री वाहन, दुपहिया, तिपहिया, वाणिज्यिक वाहन, ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण – ने जुलाई की बिक्री का नया रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने कहा कि जनवरी 2014 से 151 महीनों में सबसे अधिक बिक्री के मामले में जुलाई 2026 में रहे जो बारहवें स्थान पर रहा है। इस सूची में इससे अधिक बिक्री वाले सभी महीने त्योहारों के समय के हैं।
वाहनों के पंजीकरण के आधार पर जारी इन आंकड़ों के अनुसार, यात्री वाहनों (कार, उपयोगी वाहन और वैन) की बिक्री जुलाई में सालाना 19 प्रतिशत बढ़कर 4,16,555 इकाई पर पहुंच गयी। दुपहिया की बिक्री में 28 फीसदी का इजाफा हुआ और यह 18,18,289 इकाई दर्ज की गयी। श्री गिरिधर ने कहा कि माह-दर-माह आधार पर शहरी इलाकों में दुपहिया की बिक्री 5.04 प्रतिशत बढ़ी है जबकि ग्रामीण इलाकों में इसमें 6.16 प्रतिशत की गिरावट रही।
उन्होंने कहा कि इसका मुख्य कारण पश्चिमी और मध्य भारत में बेतरतीब बारिश और बाढ़ की स्थिति तथा अधिक मास रहा। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 24 फीसदी बढ़कर 99,666 इकाई पर रही। तिपहिया की बिक्री 16 प्रतिशत बढ़कर 1,33,778 इकाई पर पहुंच गयी। ट्रैक्टरों की बिक्री में 28 फीसदी का इजाफा हुआ और यह 1,17,349 इकाई हो गयी। निर्माण उपकरणों की बिक्री भी 46 प्रतिशत बढ़कर 5,501 इकाई पर पहुंच गयी। फाडा ने बताया कि अगस्त 2026 के लिए डीलर काफी आशावादी हैं। 74.3 प्रतिशत डीलर अगस्त में बिक्री बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं। उसने बताया कि 22.9 प्रतिशत का आरोप है कि बाजार में स्थिरता रहेगी जबकि 2.8 प्रतिशत डीलर बिक्री में गिरावट की उम्मीद कर रहे हैं।

