भोपाल: शहर के आईएसबीटी क्षेत्र के सामने स्थित एक फर्नीचर फैब्रिकेशन फैक्ट्री में दोपहर के समय आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोपहर करीब 3:45 बजे फैक्ट्री परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में लपटें तेज हो गईं और धुएं का गुबार दूर तक नजर आने लगा।फैक्ट्री के पिछले हिस्से में बने गोदाम में रखी लकड़ी और प्लाईवुड के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
सूचना मिलते ही नगर निगम की पांच दमकल गाड़ियां और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास शुरू किए गए। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने अतिरिक्त संसाधन के तौर पर फोम वाली दमकल भी बुलवाई, जिससे आग को नियंत्रित करने में मदद मिली।एहतियात के तौर पर फैक्ट्री से सटी झुग्गी बस्ती को खाली कराया गया और आसपास रहने वाले लोग भी अपने घरों से जरूरी सामान बाहर निकालते दिखे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि दमकल दल देर तक कूलिंग ऑपरेशन में जुटा रहा।
