
गैसाबाद/दमोह। दमोह जिले के गैसाबाद थाना में लंबे समय तक अपनी ईमानदार, अनुशासित व कर्तव्यनिष्ठ सेवाएं देने वाले प्रधान आरक्षक अरविंद तिवारी के सेवानिवृत्त होने पर थाना परिसर में सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ, जहां थाना स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणों एवं परिजनों ने उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने अरविंद तिवारी के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अरविंद तिवारी का सरल स्वभाव, कार्य के प्रति समर्पण और सभी के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार हमेशा याद रखा जाएगा। थाना प्रभारी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।विदाई समारोह के दौरान वातावरण उस समय भावुक हो गया जब अरविंद तिवारी ने अपने संबोधन में थाना परिवार, वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों, क्षेत्रवासियों एवं सभी सहयोगियों का वर्षों तक मिले स्नेह, सहयोग और सम्मान के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा के दौरान मिले अनुभव और लोगों का विश्वास उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे वह हमेशा संजोकर रखेंगे।समारोह में उपस्थित लोगों ने प्रधान आरक्षक अरविंद तिवारी का श्रीफल, पुष्पमाला एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया। सभी ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु व सुखद सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएं करते हुए उनके सामाजिक जीवन की नई पारी के लिए शुभेच्छाएं दीं।कार्यक्रम का सबसे खास और यादगार क्षण तब आया, जब यह जानकारी सामने आई कि आज के दिन अरविंद तिवारी सेवानिवृत्त हो रहे है, आज ही के दिन उनका जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ भी है। इस विशेष संयोग को यादगार बनाने के लिए थाना परिवार एवं उपस्थित लोगों ने केक काटकर उनका जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ उत्साहपूर्वक मनाई। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाल पारिवारिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर लक्ष्मण तिवारी, रजनीश तिवारी, थाना स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन तथा अरविंद तिवारी के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक विदाई के साथ संपन्न हुआ।
