यूएई एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स में अफजल ने बनाया 800 मीटर का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

दुबई, 10 मई (वार्ता) मोहम्मद अफजल ने शनिवार को यूएई एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2025 में पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड को फिर से बनाया।

दुबई पुलिस क्लब स्टेडियम में आयोजित टूर्नामेंट 29 वर्षीय धावक ने एक मिनट 45.61 सेकंड का समय लेकर स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी टाइमिंग ने 2018 में गुवाहाटी में राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय चैंपियनशिप में जिनसन जॉनसन द्वारा बनाए गए 1:45.65 के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को 0.04 सेकंड के अंतर से पीछे छोड़ दिया। केन्या के निकोलस किपलागट ने 1:45.38 के समय के साथ रेस जीती, जबकि दक्षिण अफ्रीका के क्रिस्टोफर स्वार्ट 1:45.84 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

अफजल ने 2023 एशियाई खेलों में 1:48.43 के प्रयास के साथ रजत पदक जीता था। वह अब तक किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज़ 800 मीटर समय दर्ज करने का गौरव प्राप्त कर चुके हैं। उनके अलावा अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा में 20.45 सेकंड के मीट रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो पिछले महीने कोच्चि में फेडरेशन कप में उनके द्वारा बनाए गए राष्ट्रीय रिकॉर्ड से केवल 0.05 सेकंड कम है। चाड के महामत गौबे यूसुफ (20.93 सेकंड) और यूएई के इमैनुएल बामिडेल (20.97 सेकंड) ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कुजूर ने गुरिंदरवीर सिंह, मणिकांत होब्लिडार और अमलान बोरगोहेन के साथ भारतीय पुरुषों की 4 गुणा 100 मीटर रिले टीम में भी भाग लिया। चौकड़ी ने 38.76 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। इसी टीम ने इससे पहले चंडीगढ़ में राष्ट्रीय ओपन रिले कार्निवल में 38.69 सेकंड के प्रयास के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था।

पुरुषों की लंबी कूद में डेविड सोलोमन ने 7.78 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। ओमान के अल येराबी (7.61 मीटर) और क्रोएशिया के मार्को सेको (7.60 मीटर) ने पोडियम पूरा किया। शैली सिंह ने महिलाओं की लंबी कूद में 6.44 मीटर के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि मिस्र की एसरा ओविस ने 6.67 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। एंसी सोजन 6.33 मीटर की छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में भारत के मोहम्मद सिनान ने 46.67 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस स्पर्धा को यूएई के सुलेमान अब्दिरहमान ने 45.66 सेकंड के समय के साथ जीता।

Next Post

समाजिक एकता और भाईचारा बढ़ाने में सामूहिक विवाह बेहद सहायक: यादव

Sat May 10 , 2025
भोपाल, 10 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम हमारी सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं जिसमें हम प्रदेश की हर बेटी को सम्मान और गरिमा के साथ नए जीवन की शुरुआत करने में सहायता देते हैं। डॉ. यादव आज मुख्यमंत्री […]

You May Like