लंदन | लंदन में आयोजित FIH प्रो लीग के रोमांचक मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-3 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर अपनी जगह पक्की की है। अभिषेक, नीलाकांता शर्मा, सुखजीत सिंह और राजिंदर सिंह के गोलों ने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पाकिस्तान के गलत झंडे पर विवाद
मैच से पूर्व राष्ट्रगान के समय मैदान पर पाकिस्तान का आधिकारिक झंडा गलत तरीके से प्रदर्शित किया गया, जिसमें उसकी अनिवार्य सफेद पट्टी गायब थी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। पाकिस्तान हॉकी टीम, प्रशंसकों और उनके राष्ट्रीय महासंघ की भावनाओं को ठेस पहुँचने के कारण इस मुद्दे पर काफी विवाद बढ़ा।
FIH ने ली गलती की जिम्मेदारी
विवाद बढ़ता देख अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने आधिकारिक बयान जारी कर इस गंभीर चूक के लिए बिना शर्त माफी मांगी है। महासंघ ने कहा कि वे इस गलती की पूर्ण जिम्मेदारी लेते हैं और भविष्य में ऐसी चूक न हो, इसके लिए अपनी आंतरिक प्रक्रियाओं की कड़ी समीक्षा करेंगे। उन्होंने पाकिस्तान हॉकी महासंघ को लिखित में भी माफीनामा भेजा है।

