
भोपाल।शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह से 10 वीं की टॉपर प्रज्ञा जायसवाल ने वीडियो कॉल पर बात की. मंत्री सिंह ने इस मौके पर प्रज्ञा को 100 प्रतिशत अंक लाने पर बधाई देते हुए भावी जीवन की शुभकामनाएं दी है. मंत्री सिंह से बात करते हुए प्रदेश की सिंगरौली जिले निवासी प्रज्ञा ने ऑपरेशन सिंदूर पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. पीए मोदी की तारीफ करते हुए प्रदेश की बेटी प्रज्ञा ने देश की सुरक्षा पर बात की. आतंकवाद के खात्मे को लेकर प्रज्ञा ने शिक्षा मंत्री सिंह से भारतीय सैन्य बलों के शौर्य की सराहना की. छात्रा ने कहा कि उन्हें ऑपरेशन सिंदूर देखकर अच्छा लगा. प्रज्ञा जायसवाल ने ऑपरेशन_सिंदूर पर कहा कि जो देश को खोखला कर रहे हैं, उनको मुँहतोड़ जवाब देना इस बार जरूरी है. प्रज्ञा से हुई बातचीत की जानकारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अपने एक्स हैंडल पर भी साझा की है.
बता दें कि इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा की प्रवीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सिंगरौली जिले की छात्रा कुमारी प्रज्ञा जायसवाल ने इतिहास रचा है. प्रज्ञा ने 500 के पूर्णांक में से पूरे के पूरे 500 अंक प्राप्त किए हैं. प्रज्ञा के इस कारनामे से सीएम मोहन यादव भी उनकी तारीफ कर चुके हैं.
