
शाजापुर। शाजापुर में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती के कारण लोग परेशान हैं. क्योंकि एक तरफ भीषण गर्मी, दूसरी तरफ बिजली की आंखमिचौली ने जनता को परेशान कर रखा है. शहर का ऐसा कोई हिस्सा नहीं है, जहां दिन भर में एक बार बिजली ना जाए. जबकि लगातार मेंटेनेंस भी किया जा रहा है, लेकिन उसके बाद भी जरा सी हवा चलते ही बिजली गुल हो जाती है. कभी मेंटेनेंस के नाम पर बिजली बंद होती है, कभी तार टूटने के नाम पर, कभी डीपी खराब होने के नाम पर. याने कि प्रतिदिन अब अघोषित बिजली कटौती शहरवासियों के लिए इस भीषण गर्मी में एक सजा के रूप में भुगतना पड़ रही है.
बिल ना भरने पर कुर्की, हाईवॉल्टेज से नुकसान पर कौन जिम्मेदार…?
बिजली का बिल ना भरने पर विद्युत विभाग उपभोक्ताओं का सामान कुर्क करता है. जिले में बिल ना भरने वालों के खिलाफ टे्रक्टर से लेकर मोटर साइकिल तक कुर्क की गई है. लेकिन क्या विद्युत विभाग हाई वॉल्टेज से उपभोक्ताओं को होने वाले नुकसान की भरपाई कर पाएगा. जिन उपभोक्ताओं का हाई वॉल्टेज आने से घरेलु सामान खराब हुआ है, उसके लिए कौन जिम्मेदार है. यदि बिल ना भरने पर सामान कुर्क करने का काम विद्युत विभाग करता है, तो फिर हाई वॉल्टेज आने से उपभोक्ताओं के घरेलु सामान खराब होने पर उन्हें मुआवजा देना चाहिए.
