जबलपुर: बरगी थाना क्षेत्र से एक महिला को बंदूक दिखाकर ससुराल पक्ष अपहरण कर नरसिंहपुर ले गया जहां उसे बंधक बनाकर पति और दो जेठ उसकी आबरू लूटते रहे। महिला किसी तरह दरिंदों के चंगुल से छूटकर निकली और पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने महिला को दस्तयाब करने के बाद रविवार को पति, जेठों समेत ससुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की।
पुलिस के मुताबिक 24 वर्षीय महिला निवासी देवरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी 2021 में देवरीकला थाना ठेमी जिला नरसिंहपुर में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर प्रताडित करते थे। करीब 2 साल से अपने मायके मोहास में माता पिता के साथ रह रही है। 28 अप्रैल 25 को मायके मोहास में अकेली थी।
दोपहर करीबन 3:30 बजे पति और जेठानी का भाई दोनों अपने चेहरे पर कपडा बांधकर आये, पति बंदूक दिखाकर डराते हुए साथ चलने के लिए कहने लगा। इसके बाद घर के बाहर ले गए, बुलेरो में ससुर और दूसरा जेठ पहले से बैठे थे। बुलेरो में उसे जबरदस्ती बैठाया और उसका मोबाइल बंद कर दिया। इसके बाद उसे गोटेगांव जिला नरसिंहपुर लेकर गये। 28 अप्रैल की रात और 29 अप्रैल का पूरा दिन वहीं राजा कछार में रखे।
इसके बाद देवरी ससुराल ले गए, जहां कुछ पेपर में उसके हस्ताक्षर करवाये। 30 अप्रैल की रात्रि खाना खाने के बाद उसकी तबियत बिगडने लगी इसके बाद डाक्टर बुलवाया गया, जिसने उसे इंजेक्शन लगाया। एक मई की रात10 बजे पति, ससुर और दो जेठों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों जेठों ने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाये। इसके बाद पति ने भी दुराचार किया।
