उदयपुर (वार्ता) राजस्थान के उदयपुर में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) द्वारा आगामी 29 जनवरी से आयोजित होने वाली विद्यालयी 19 वर्ष छात्रा की 68वीं राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शहर के एमजीजीएस सुन्दरवास, उदयपुर की मेजबानी में 29 जनवरी से तीन फरवरी तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देश भर से टीमों के उदयपुर पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। सोमवार को दोपहर में सबसे पहले महाराष्ट्र राज्य की टीम रेल मार्ग से उदयपुर पहुंची। तेलंगाना एवं उत्तर प्रदेश की टीम भी रात्रि को रेल मार्ग से उदयपुर पहुंच गई।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.लोकेश भारती ने बताया कि मंगलवार को अलसुबह से लेकर रात्रि तक दिन भर टीमों के आने का क्रम जारी रहेगा। रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर परिवहन समिति के सदस्यों को तैनात कर दिया गया है जहां से वह टीमों को बस द्वारा उनके आवास स्थल तक पहुंचाएंगे। आवास पर कोई परेशानी ना हो इसके लिए सभी स्थान पर आवास समिति के सदस्यों को नियुक्त कर दिया गया है, जिसमें महिला कार्मिकों को ही टीमों के कक्ष में प्रवेश की अनुमति होगी।
श्री भारती ने प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए गठित की गई विभिन्न समितियो को अपने-अपने व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सभी समितियां आपस में समन्वय करते हुए अपनी अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उदयपुर हमेशा किसी भी आयोजन को सर्वश्रेष्ठ तरीके से करता आया है वही छवि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी देखनी चाहिए।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर चौबीसा ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू एण्ड कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, आंध्रप्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, केरला, पंजाब, झारखंड, गुजरात, बिहार, सीबीसीई डब्ल्यूएफ, आईपीएससी, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, सीआईएससीई, एवं राजस्थान सहित देश की 22 टीमें भाग रही हैं।
