नयी दिल्ली (वार्ता) डीएसए प्रीमियर लीग के एकतरफा मुकाबले में सोमवार को नेहरू स्टेडियम में गत विजेता गढ़वाल हीरोज फुटबाल क्लब ने तरुण संघा को 4 -1 से हरा कर ना सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, फार्म वापसी का संकेत भी दिया। वहीं दिन के पहले मुकाबले में वाटिका एफसी ने दिल्ली एफसी को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया।
गढ़वाल की जीत में प्लेयर ऑफ द मैच पियूष भंडारी, ममता मॉडर्न स्कूल के 17 वर्षीय आदित्य अधिकारी, इशानबोक औऱ मालेम ने गोल जमाए। पराजित टीम का इकलौता गोल ओलेन सिँह के नाम रहा। दिल्ली एफसी के गोल बितान सिँह और सेमसन ने किए, जबकि होकिप और बलराज ने दूसरे हाफ में हिसाब चुकता किया।
गढ़वाल और तरुण संघा का मैच तेज रफ्तार से खेला गया लेकिन गत लीग विजेता गढ़वाल ने जल्दी ही खेल पर पकड़ बना ली और पहले हाफ में दो खूबसूरत गोल जमा कर अपने इरादे ज़ाहिर कर दिए। भंडारी, अधिकारी, इशानबोक,कप्तान मिलिंद नेगी और मालेम थॉदाम के आक्रमक खेल के चलते प्रतिद्वंद्वी टीम ने जल्दी ही हथियार डाल दिए। गोल अंतर दुगुना हो सकता था लेकिन गढ़वाल की अग्रिम पंक्ति ने छह से अधिक आसान मौके गँवाए। नेशनल यूनाइटेड क्लब के विरुद्ध महत्वपूर्ण अंक गँवाने के बाद गढ़वाल ने बड़ी जीत पाई हैl
दिल्ली एफसी पहले 25 मिनट में 2-0 की बढ़त लेने में कामयाब रही। बितान और सेमसन के गोलों से बढ़त लेने के बाद उसके प्रदर्शन में गिरावट आई, जिसका फायदा उठा कर वाटिका ने होकिप और बलराज के गोलों से वापसी की लेकिन दो खिलाडियों को लाल कार्ड देखने का परिणाम यह रहा कि दिल्ली एफसी का पलड़ा हल्का पड़ गया और वाटिका दोनों गोल उतारने में सफल रही।
