
शिवपुरी। जिले के पोहरी अनुविभाग के छर्च में शनिवार को एक एयर बैलून के नदी में गिरने की सूचना जिला प्रशासन को मिली। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और इस एयर बैलून के अपने कब्जे में लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने आसमान से भारी वस्तु नीचे गिरती हुई देखी थी। इसकी सूचना ग्रामीणजनों द्वारा प्रशासन को दी गई।
प्रशासन और पुलिस के कुछ लोग घटना स्थल पर पहुंचे और फिर इस एयर बैलून को अपने कब्जे में लिया। जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर दिनेश चंद शुक्ला ने बताया कि यह मौसम परीक्षण की नियमित प्रक्रिया के तहत एयर बैलून छोड़ा गया था। कोई भारी वस्तु नहीं गिरी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं।
*क्लाइमेट स्टडी के लिए छोड़ा गया एयर बैलून*
बताया जाता है कि शनिवार को पोहरी अनुविभाग के छर्च थाना क्षेत्र में एक एयर बैलून नदी में गिर गया। यह बैलून डिगदौली गांव के पास नदी में गिरा। ग्रामीणों ने इसे आसमान से गिरी कोई भारी वस्तु समझा। बताया जाता है कि यह बैलून क्लाइमेट स्टडी के लिए छोड़ा गया था जांच में सामने आया कि यह बैलून आगरा की एक मौसम परीक्षण एजेंसी का है।
बताया जाता है कि आगरा से इस एजेंसी ने इसे श्योपुर जिले से छोड़ा था। यह क्लाइमेट स्टडी के लिए छोड़ा गया था। बैलून की नियमित लैंडिंग प्रस्तावित थी लेकिन तकनीकी कारणों से यह अनियंत्रित हो गया। एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला ने स्पष्ट किया कि यह मौसम परीक्षण की नियमित प्रक्रिया है। इसमें कोई खतरा नहीं है। इसमें कोई व्यक्ति सवार नहीं होता।
