नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की विभिन्न रेल लाइनों से संबंधित मांगों को पूरा कर इन सभी परियोजनाओं के त्वरित कार्यान्वयन का आग्रह किया है।
श्री धामी ने इस मुलाकात के दौरान ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन परियोजना में देश की सबसे लम्बे रेल सुरंग देवप्रयाग-जनासू के पूरा होने के लिए रेल मंत्री को बधाई दी और कहा कि इससे भारत के प्रौद्योगिकी विकास को नयी पहचान मिली है।
उन्होंने रूडकी-देवबंद रेलवे लाईन के सीआरएस जारी करने पर रेलमंत्री का आभार व्यक्त करने के साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन सुरंग प्रणाली को देहरादून सहारनपुर मोहण्ड रेलवे टनल परियोजना के लिए स्वीकृति देने का रेल मंत्री से अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाईन परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन, चम्पावत के टनकपुर से नई दिल्ली तक वंदे भारत रेल शुरू करने और टनकपुर से देहरादून ट्रेन के फेरे बढ़ाने,टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कर इस पर होने वाले व्यय का पूर्ण वहन भारत सरकार द्वारा किये जाने का भी आग्रह किया।
श्री धामी ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि के समस्त अधिकार राज्य सरकार को हस्तांतरित करने का भी अनुरोध किया और कहा कि इस भूमि का प्रयोग ऋषिकेश-गंगा कोरिडोर में हो रहे बहुद्देशीय विकास कार्यो जैसे सङक चौडीकरण, यातायात सुदृढीकरण, तीर्थ यात्रियों, श्रद्धालुओं के लिए अध्यात्मिक सुविधाओं को बढावा देने के लिए उपयोग में लाया जायेगा। साथ ही पुराने रेलवे स्टेशन के रेलवे ट्रैक को परिवर्तित करते हुए यातायात को और सुविधाजनक बनाया जाएगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
