रायपुर 13 मई (वार्ता) अंगकृष रघुवंशी (71), रिंकू सिंह (नाबाद 49) और कैमरन ग्रीन (32) की शानदार पारियों के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल ) 2026 के 57वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ चार विकेट पर 192 रनों का स्कोर खड़ा किया।
आज यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 23 रन जोड़े। तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने फिन ऐलन आठ गेंदों में (18) को आउटकर आरसीबी को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद पांचवें ओवर में जॉश हेजलवुड ने अजिंक्य रहाणे 13 गेंदों में (19) को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कैमरन ग्रीन और अंगकृष रघुवंशी की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिये 68 रन जोड़े। 13वें ओवर में रसिख सलाम ने कैमरन ग्रीन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कैमरन ग्रीन ने 24 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। पारी की आखिरी गेंद पर अंगकृष्ण रघुवंशी रनआउट हुये। कोलकाता नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 192 रनों का स्कोर बनाया। अंगकृष रघुवंशी ने 46 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 71 रनों की पारी खेली। रिंकू सिंह ने 29 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 49 रन बनाये।
आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जॉश हेजलवुड ने एक-एक विकेट लिये।
