बिहार का पहला म्यूनिसिपल बॉन्ड शेयर बाजार में सूचीबद्ध

मुंबई, 11 नवंबर (वार्ता) पटना नगर निगम द्वारा जारी किया गया बिहार का पहला म्यूनिसिपल बॉन्ड शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो गया है।

यह बिहार में किसी शहरी स्थानीय निकाय द्वारा जारी किया गया पहला म्यूनिसिपल बॉन्ड है। इसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) पर सूचीबद्ध किया गया है। इसके लिए मंगलवार को पटना में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उपस्थित थे।

इस बॉन्ड का बेस इश्यू साइज 100.03 करोड़ रुपये है और 99.96 करोड़ रुपये का ‘ग्रीन-शू विकल्प’ रखा गया है जिसके तहत अतिरिक्त सबस्क्रिप्शन मिलने की स्थिति में उसे भी स्वीकार किया जा सकता है। इस प्राइवेट प्लेसमेंट को संस्थागत निवेशकों से बेस इश्यू साइज के मुकाबले दो गुना से अधिक का सब्सक्रिप्शन मिला।

जुटाई गई पूंजी का उपयोग नगर निगम द्वारा 199.99 करोड़ रुपये की लागत से 15 परियोजनाओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पटना के बाजार क्षेत्रों का पुनर्विकास करना है, ताकि शहरी सेवाओं, सार्वजनिक सुविधाओं और आर्थिक दक्षता में सुधार लाया जा सके।

समारोह संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, समृद्धि के नए रास्ते तलाशने और राज्य को राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एनएसई पर पटना नगर निगम के म्युनिसिपल बॉन्ड के सूचीबद्ध होने से लगभग 200 करोड़ रुपये की राशि तुरंत प्राप्त हो गई है। यह बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

एनएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार चौहान ने कहा, “यह बिहार की उस यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, जिसमें राज्य शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पूंजी बाजारों का उपयोग कर रहा है। इस पहल को सफल होते देखना विशेष रूप से उत्साहजनक है। इसकी नींव एनएसई और बिहार सरकार के बीच हुए एक आउटरीच कार्यक्रम के दौरान रखी गई थी। उस समय, राज्य का एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल पूंजी बाजार पारितंत्र को समझने और पूंजी बाजारों के जरिये फंड जुटाने के तरीकों का पता लगाने के लिए पिछले साल मुंबई आया था।”

देश में अब तक 23 नगर निगमों द्वारा 32 म्युनिसिपल बॉन्ड जारी किए गए हैं, जिनके जरिये कुल मिलाकर लगभग 4,740.33 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। वित्त वर्ष में ही 14 बॉन्ड जारी करके लगभग 1,756.44 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं।

.....

Next Post

पसान में अविश्वास प्रस्ताव का ‘पलटवार’, अजय यादव की उपाध्यक्ष पद से विदाई

Wed Nov 11 , 2026
जमुना कोतमा, नगर पालिका परिषद पसान की राजनीति में बुधवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला उपाध्यक्ष अजय ताराचंद्र यादव के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर 11 नवंबर 2026 को हुए मतदान में अजय यादव को मात्र 4 मत प्राप्त हुए एक वोट के अंतर से उन्हें उपाध्यक्ष पद […]

You May Like