न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध के बीच बिजली पहुंचाने की तैयारी

रीवा: सिरमौर क्षेत्र के रोझौही और सरई कला में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का लगातार विरोध चालू है और अब कई छोटभैया नेता भी अपनी राजनीति चमकाने ग्रामीणों के साथ विरोध में कूद पड़े है. सोमवार को कम्पनी के अधिकारी एवं प्रशासन पुलिस बल के साथ पहुंचा था, लेकिन भारी विरोध के चलते वापस लौटना पड़ा.
अभी तक यहा मिट्टी परीक्षण का दावा किया जा रहा था, उधर 10 मेगा वाट बिजली कनेक्शन की गुपचुप तैयारी चल रही है, जिसका खुलासा आरटीआई से हुआ है. ग्राम सभा के विरोध के बावजूद रोझौही से टाटा न्यूक्लियर प्रोजेक्ट के लिये 132 केवी सब स्टेशन से आपूर्ति की तैयारी है. विद्युत वितरण कम्पनी ने 5.76 करोड़ का प्राकलन भी तैयार कर लिया है. 132 केवी सब स्टेशन से टाटा कम्पनी को बिजली मिलेगी. क्षेत्र के ग्राम रोझौही में स्थापित हो रहे टाटा प्रोजेक्ट को उच्च क्षमता की विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए 132 केवी कटरा सब-स्टेशन से रोझौही तक 33 केवी की एक नई बिजली लाइन बिछाई जाएगी. विद्युत वितरण कंपनी के ओएंडएम संभाग त्योंथर के अंतर्गत आने वाले लालगांव वितरण केंद्र द्वारा इस परियोजना का विस्तृत एस्टीमेट (प्रोजेक्ट नंबर: 1014615) जारी किया गया है.

10 मेगा वाट एंपियर क्षमता के नए सेवा कनेक्शन के लिए तैयार इस एस्टीमेट की कुल लागत 5,76,48,708 तय की गई है. ग्रामीण पिछले कई दिनों से अपना पक्ष रखते हुए विरोध कर रहे है. सोमवार को भी कम्पनी के अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों का दल पहुंचा. लेकिन ग्रामीणों के भारी विरोध के चलते बात नही बन सकी. नायब तहसीलदार बिंदु तिवारी एवं ग्रामीणों के बीच जमकर बहसबाजी हुई. आदिवासियों का एक बड़ा समूह विरोध कर रहा है और अब कुछ छुटभैया नेता भी अपनी राजनीतिक रोटी सेकने पहुंच गये है.
कंपनी और अधिकारियों की कथनी करनी में अंतर
पिछले दिनों जब ग्रामीणों ने बोर होल की गाड़ी वापस कर दी तब टाटा कंपनी के लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तब उन्होंने बताया कि यहां अभी मात्र बोर कर मिट्टी निकालना है जबकि आगे का निर्धारण मिट्टी परीक्षण के बाद किया जाएगा. वहीं कंपनी गुपचुप 10 मेगा वाट का पावर स्टेशन लगा रही है जिससे वह प्रारंभिक निर्माण कार्य कर सके. उल्लेखनीय है कि इसके पहले भी ग्राम सभा ने प्रस्ताव पारित कर बोर होल करने और जमीन आवंटन करने की मनाही कर दी थी. इसके बाबजूद भी जबरन कंपनी और अधिकारी मिलकर काम करना चाह रहे हैं जिसको लेकर गांव वाले काफी आक्रोशित हैं.

Next Post

विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत: प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल

Mon Oct 12 , 2026
खंडवा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने खंडवा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसकी विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने जनसंघ के समय से अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता को अक्षुण्ण बनाए रखा है। रविवार को संगठन को मजबूती देने […]

You May Like

Play sound