
सतना।नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने बुधवार को नागौद विधानसभा क्षेत्र के सर्किट हाउस में ग्रामीण यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान राज्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने को कहा। समीक्षा के दौरान राज्यमंत्री ने उन परियोजनाओं पर नाराजगी जाहिर की जो निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए। अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें ताकि कार्य की गुणवत्ता बनी रहे। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित उपयंत्री उपस्थित रहे।
