विस्फोटक चारा खाने से गोवंश की मौत, आरोपी गिरफ्तार, कोयलारी घटना पर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

बैतूल। जिले के भौंरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोयलारी में जंगली सूअरों को मारने के लिए रखे गए विस्फोटक चारे से गोवंश की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना में पुलिस ने आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं विभिन्न हिंदू संगठनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कोयलारी निवासी राकेश चौहान पारधी ने जंगली सूअरों से परेशान होकर अपने खेत में आटे में लिपटे देशी बम रखे थे। ये विस्फोटक खुले में पड़े थे, जिन्हें चरने के दौरान गायों ने खा लिया। विस्फोट होने से दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही भौंरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से बम निरोधक दस्ता (BDS) टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर जांच करते हुए कुल 9 जिंदा बमों को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए यह अवैध तरीका अपना रहा था।

इधर, इस घटना के विरोध में राष्ट्रीय हिन्दू सेना और श्री योग वेदांत सेवा समिति सहित कई संगठनों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए घटना को अमानवीय बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने, आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने और कठोर सजा दिलाने की मांग रखी।

संगठनों ने घायल गोवंश के समुचित इलाज और मृत पशुओं के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने की भी अपील की। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों और वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, निराश्रित गोवंश के लिए चारा-पानी और गौ अभ्यारण्य की व्यवस्था करने तथा जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Next Post

एयर चीफ मार्शल मणिकांतन महाकाल आए

Wed May 6 , 2026
उज्जैन। भारतीय वायु सेना में एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल बालकृष्णन मणिकांतन ने उज्जैन प्रवास के दौरान ज्योतिर्लिंग महाकाल के दर्शन लाभ लिए। उन्होंने नंदीहाल में बैठकर परिवार के साथ भगवान का पूजन-अर्चन किया। मंदिर प्रबंध समिति ने मणिकांतन का स्वागत किया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy […]

You May Like