
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी)की पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर गुरुवार को हुई आपात बैठक में इसकी कड़ी निंदा करते हुए इसके खिलाफ कल देशव्यापी कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।
सीडब्ल्यूसी कि इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा,“ यह हमला पाकिस्तान की तरफ से की गई सोची समझी रणनीति का हिस्सा है और हमारी राष्ट्रीय संप्रभुता पर हमला है। यह हिंदुओं को निशाना बनाकर उकसावे के मकसद से किया गया हमला है जिसमें शांति बनाए रखने की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि कार्य समिति ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि 25 अप्रैल को कांग्रेस पूरे देश में इस आतंकवादी हमले के विरोध में कैंडल मार्च निकालेगी।
गौरतलब है युवा कांग्रेस तथा पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई ने भी इस हमले के विरोध में बुधवार को नयी दिल्ली के रायसिना रोड तथा जेएनयू में कैंडल मार्च निकाला था जिसमें बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस तथा एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था।अब शुक्रवार को कांग्रेस पूरे देश में कैंडल मार्च निकालेगी।
