इंदौर: सभी अधिकारी जनसुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें. अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी. सीएम हेल्पलाईन में दर्ज प्रकरणों का समय सीमा में गुणवत्ता के साथ सकारात्मक निराकरण किया जाए. अधिकारी राजस्व प्रकरणों का भी निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित करें.उक्त निर्देश कलेक्टर आशीष सिंह ने दिए.
कलेक्टर की अध्यक्षता में आज यहां समय सीमा के पत्रों के निराकरण(टीएल) की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई. सिंह ने यह भी चेतावनी दी कि जो अधिकारी जनसुनवाई में अनुपस्थित पाए जाएंगे अथवा प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतेंगे, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने विभागवार प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जहां प्रकरण अधिक समय से लंबित हैं, उन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए.
कलेक्टर श्री सिंह ने परिवहन विभाग तथा सभी एसडीएम से कहा कि वे यह तय करें कि उनके क्षेत्र में कोई भी यात्री बस सड़कों पर नहीं खड़ी रहें. सड़कों पर बसें खड़ी मिलने पर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाए. उन्होंने आईएसबीटी बस स्टैण्ड के संचालन के संबंध में भी चर्चा की. उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि वे नरवाई जलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करें. एफआईआर भी दर्ज करायें. कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी.
