जेसीबी-जैक से उठा कर निकाला बाहर
इंदौर: जिंसी चौराहे पर दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब नगर निगम के डंपर ने एक्टिवा सवार दंपती को कुचल दिया. हादसे में दोनों पति-पत्नी डंपर के पहियों में फंस गए. स्थिति इतनी गंभीर थी कि डंपर को आगे-पीछे करना भी मुश्किल हो गया. तत्काल जेसीबी और जैक की मदद से डंपर को हल्का ऊपर उठाकर दोनों को बाहर निकाला. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की
हादसे में घायल हुए 31 वर्षीय तेजस और 30 वर्षीय उनकी पत्नी रीनल के रूप में पहचान हुई है. दोनों को तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल रेफर किया है. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि डंपर चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था. हादसे के बाद वह मौके पर डंपर छोड़कर भाग गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया, लेकिन डंपर को उठाने में जेसीबी असमर्थ रही. इसके बाद स्थानीय लोगों ने जैक और अन्य संसाधनों का इंतजाम कर रेस्क्यू में मदद की.
ट्रैफिक अव्यवस्था बनी हादसों की वजह
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिंसी चौराहे पर ई-रिक्शा बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं, जिससे ट्रैफिक बाधित होता है और ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं. लोगों की मांग है कि प्रशासन इस क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारे और अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई करे.
