
बैतूल। शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पोषण केंद्र चिचोली की केयरटेकर रजनी गंगारे की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वे अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ स्कूटी से चिचोली स्थित एनआरसी कार्यालय जा रही थीं। सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हुई है।
घटना जोगली और चिचोली के बीच की है। जैसे ही रजनी गंगारे ने स्पीड ब्रेकर पर स्कूटी धीमी की, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई और रजनी ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, उनका बेटा छिटककर दूर गिरा जिससे उसकी जान बच गई।
रजनी गंगारे साल 2010 से पोषण केंद्र में कार्यरत थीं। उनके पति चिचोली में स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं।
चिचोली टीआई हरिओम पटेल के अनुसार, ट्रक चालक घटना के बाद फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद चिचोली में शोक का माहौल है, स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन से ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है।
