जन्मदिन की पार्टी में खूनी संघर्ष, पूर्व पार्षद सहित 6 घायल; इलाके में तनाव

गुना:शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1 नानाखेड़ी इलाके में शुक्रवार देर रात जन्मदिन की पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। कुशवाह और रघुवंशी परिवार के बीच हुए इस विवाद में पूर्व पार्षद सहित कुल 6 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।घटना रात लगभग 9:30 से 10:00 बजे के बीच की है। मिली जानकारी के अनुसार, रघुवंशी परिवार में जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। प्रथम पक्ष के घायल श्याम सिंह कुशवाह का आरोप है कि पड़ोसी पुष्पेंद्र, आकाश, दीपेंद्र रघुवंशी और आनंद कुशवाह आए दिन मोहल्ले में उत्पात मचाते हैं।

शुक्रवार रात भी वे हंगामा और गाली-गलौज कर रहे थे। जब उन्हें टोका गया, तो उन्होंने कुशवाह परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष की नीतू रघुवंशी का कहना है कि उनके बेटे आकाश का जन्मदिन था। उनके मुताबिक, पड़ोसी कुशवाह परिवार जश्न का वीडियो बना रहे थे, जिसका विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ। रघुवंशी परिवार ने कुशवाह पक्ष पर मारपीट, घर में तोड़फोड़, लूटपाट और फायरिंग करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाद के दौरान कुशवाह पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से पिकअप वाहन से कुचलने की कोशिश की।

इस हमले में वर्तमान पार्षद राधा कुशवाह के ससुर और पूर्व पार्षद गेंदालाल कुशवाह सहित राजू कुशवाह, श्याम सिंह और दिलीप कुशवाह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उधर, रघुवंशी पक्ष से नीतू रघुवंशी और उनका बेटा आकाश भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है।

Next Post

15 अप्रैल तक आ सकता है 10 वीं और 12 का रिजल्ट, छात्राओं से फिर बढ़त की उम्मीद

Sat Apr 11 , 2026
ग्वालियर: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं के रिजल्ट का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बोर्ड 15 अप्रैल तक परिणाम जारी करने की तैयारी में है। इस बार सिर्फ पास प्रतिशत ही नहीं, बल्कि सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या छात्राएं अपना लगातार बढ़त का सिलसिला […]

You May Like