
भोपाल। मैनिट चौराहे के पास सवारी से भरे एक ई-रिक्शा और बाइक की भिंडत हो गई. इस हादसे में ई-रिक्शा के मौके पर पलट जाने से उसमें बैठी सवारियां चोटिल हो गई. हादसे में गंभीररूप से घायल हुए एक बुजुर्ग व्यक्ति का हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी है. हादसे के दौरान फरार हुए बाइक सवार की तलाश में कमलानगर थाना पुलिस जुटी है.
मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में गंभीररूप से घायल बुजुर्ग मनफूल मोहे (65) रविवार को बिट्टन मार्केट से बैटरी वाले रिक्शे में अन्य सवारियों के साथ न्यू मार्केट की तरफ जा रहे थे. इस दौरान मैनिट चौराहे के पास मैनिट कैंपस की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया. रिक्शे में बैठी सवारियों को चोटें आई, बुजुर्ग मनफूल इस हादसे में गंभीररूप से घायल हो गए. बुजुर्ग के पुत्र करण मोहे को पिता के घायल होने की जानकारी मिली. वह मौके पर पहुंचे और उन्हें जेपी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से मनफूल को हमीदिया के लिए रेफर किया गया. हमीदिया अस्पताल में बुजुर्ग का इलाज जारी है. बुजुर्ग के पुत्र करण ने मामले की शिकायत कमलानगर थाने में दर्ज कराई. पुलिस ने फरार आरोपी बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है.
