कन्नूर, (वार्ता) उत्तरी केरल के कन्नूर जिले में पिछले दो दिनों से भारी बारिश के बाद वडकारा के पास विल्लीपल्ले में रविवार को एक नारियल का पेड़ गिरने से स्कूटर सवार 64 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विल्लीपल्ली में कोट्टियम पल्ली मंदिर के पास रहने वाले एम पवित्रन के रूप में हुई है। दुर्घटना अपराह्न के आसपास हुई। हादसे के समय , पवित्रन विल्लीपल्ली शहर जा रहे थे। पास के एक घर से एक नारियल का पेड़ उखड़ कर उनके दोपहिया वाहन पर गिर गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नारियल के पेड़ को हटाया और पीड़ित को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्रिशूर जिले के चेरुथुरुथी में एक अन्य दुर्घटना में, सुबह करीब 10 बजे चलती जामनगर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस पर एक पेड़ गिर गया। लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एक घंटे बाद पेड़ को रेलवे ट्रैक से हटाने के बाद ट्रेन की आवाजाही फिर से शुरू हुई। कन्नूर जिले के पहाड़ी इलाकों में रविवार शाम को हुई बारिश के बाद श्रीकंदपुरम के पास चेम्बनथोट्टियिल और कोक्कई में दो अस्थायी सड़कें आंशिक रूप से बह गईं। उत्तरी केरल में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिसके कारण आईएमडी ने कल केरल के 11 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।
