हर एक दाना एमएसपी पर खरीदेगी सरकार : राणा

चंडीगढ़, 18 अप्रैल (वार्ता) हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं का एक-एक दाना खरीदेगी।

श्री राणा ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के क़स्बा इस्माइलाबाद और करनाल जिला के गांव निगधू स्थित अनाज मंडियों का दौरा करने के बाद किसानों से बातचीत की । उन्होंने रबी फसल की खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की और किसानों से सीधा संवाद किया।

उन्होंने किसानोें से बातचीत करते खरीद कार्यों को लेकर फीडबैक लिया और अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया को बिना किसी बाधा और पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “मैंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे कुशलता और पारदर्शिता बनाए रखें। उठान का कार्य भी जारी है, जिसे आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।”

श्री राणा ने बताया कि एक अप्रैल से अब तक सरकार ने 37.72 लाख टन गेहूं की खरीद की है, जिसमें से 11 लाख टन का उठान भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद का कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा और वह स्वयं मौके पर जाकर स्थिति की निगरानी करते रहेंगे।

उन्होंने बताया कि अब तक दो लाख से अधिक किसानों से गेहूं की खरीद की जा चुकी है और लगभग 1,400 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रणाली के माध्यम से भेजी जा चुकी है। पिछले वर्ष 17 अप्रैल तक लगभग 25 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी, जबकि इस बार यह आंकड़ा पहले ही काफी बढ़ चुका है। उन्होंने सरसों की खरीद प्रक्रिया की भी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2025-26 के लिए सरसों की खरीद 15 मार्च से शुरू हो चुकी है। यह कार्य दो सरकारी एजेंसियां—हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन—मिलकर कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल तक 4.93 लाख टन सरसों की खरीद की जा चुकी है और 3.40 लाख टन उठान भी हो चुका है। इस प्रक्रिया से अब तक लगभग 1.71 लाख सरसों उत्पादक किसानों को लाभ मिला है और उनके खातों में करीब 1,843 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा चुकी है।

 

 

Next Post

पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 95 के स्कोर पर रोका

Fri Apr 18 , 2025
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like