
भोपाल। संकट मोचन भगवान हनुमान के जन्मोत्सव पर राजधानी की मंदिरों में भक्तों का ताता लगा रहा. शनिवार को शुभ दिन होने पर सभी मंदिरों में सुबह से ही पूजा-पाठ शुरू हो गई. लोगों ने इस मौके पर बंदरों, गायों सहित अन्य जानवरों को अपनी श्रद्धा से फल और अन्य प्रसाद हाथों से खिलाए. हिन्दू धर्म के लोग भगवान हनुमान पर अटूट श्रद्धा रखते हैं. जिसके चलते दिनभर मंदिरों में हनुमान चालीस, सुंदरकांड, बजरंगबाण, हनुमान अष्टक का पाठ किया गया. शहर की अधिकतर मंदिरों में हनुमान जयंती को लेकर पहले से ही अखंड रामायण का पाठ शुरू किया गया था. शानिवार को देर शाम तक अनुष्ठान, हवन की पूर्णाहुति के बाद महाआरती की गई. इसके बाद प्रसाद वितरण और भण्डारे का आयोजन किया गया. दिन भर लोगों ने श्रद्धाभाव से मंदिर पहुंच कर भगवान के आगे नतमस्तक होते रहे.
भोपाल के संकट मोचन हनुमान मंदिर, छींद धाम, वाजपेयी नगर स्थित सुदर्शन मंदिर में विराजमान बजरंगबली, 7 नंबर स्थित शिव मंदिर, कोलार में स्थित मां बीजासेन मंदिर, गायत्रा मंदिर सहित सभी मंदिरों में भक्तगणों की भीड़ उमड़ी रही. देर शाम को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से शोभा यात्रा निकाली गई. रात के समय भक्ति संगीतमय गीतों की प्रस्तुतियों के लिए भी मंच तैयार किए गए. खुद को बजरंगबली का भक्त बताने वाले सलैया निवासी विमल ने बताया कि हनुमान जयंती के दिन का वह इंतजार कर रहे थे. शनिवार को सुबह से ही वह नहा कर चौरहे पर स्थित मंदिर पहुंचे. पाठ करने के बाद उन्होंने विश्व कल्याण के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगा. कोलार के रहने वाले सुधीर ने बताया कि देर रात तक होने वाले कार्यक्रमों को लेकर वह भक्तगणों के इंतजाम में जुटे रहे. पूजा पाठ करने के बाद वह भक्तगणों की सेवा में उपस्थित रहे. भोपाल के छींद धाम में अनुमानित संख्या से ज्यादा भक्तगण भगवान के दरवाजे पर पहुंचे. अत्यधिक भीड़ हो जाने के कारण मंदिर प्रबंधन ने लोगों से कतारबद्ध होते हुए दर्शन करने की अपील की. लंबे इंतजार के बाद भक्तों ने दर्शन करते हुए प्रसादी ग्रहण की.
