
सीधी। जिले में संचालित निजी विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान और शासन द्वारा जारी नवीनतम निर्देशों की समीक्षा हेतु सीधी प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक स्थानीय कमला कॉलेज परिसर में सम्पन्न हुई, जिसमें जिले भर से सैकड़ों निजी विद्यालय संचालकों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के सीधी जिला अध्यक्ष डॉ.अजय मिश्रा ने की, जबकि संरक्षक नीरज शर्मा ने बैठक का संचालन एवं मार्गदर्शन किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश शासन के शिक्षा विभाग द्वारा हाल ही में जारी किए गए विद्यालय मान्यता नवीनीकरण से संबंधित नियमों पर चर्चा करना और उनमें सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विचार करना रहा। बैठक में वक्ताओं ने बताया कि विद्यालय मान्यता के नवीनीकरण को लेकर शासन द्वारा जो नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं वे निजी विद्यालयों के संचालन को और अधिक जटिल बना रहे हैं। इन नियमों के तहत विद्यालयों को कई नई औपचारिकताओं का सामना करना पड़ रहा है जिससे समय, श्रम और आर्थिक भार तीनों में वृद्धि हो रही है। संचालकों ने इसे एकतरफा निर्णय बताते हुए शासन से संवाद स्थापित कर नियमों में यथासंभव सरलता लाने की मांग की। बैठक में एक और प्रमुख मुद्दा था विद्यालय बसों की परमिट अवधि को तीन वर्षों से घटाकर अब केवल एक वर्ष करने का प्रस्ताव। संचालकों ने इसे विद्यालयों के लिए अत्यंत आर्थिक बोझ वाला निर्णय बताया और एक स्वर में इसका विरोध किया। उनका कहना था कि प्रत्येक वर्ष बसों की परमिट नवीनीकरण की प्रक्रिया में न केवल समय बल्कि अत्यधिक धन भी व्यय होता है, साथ ही इसके चलते विद्यालयों पर अतिरिक्त प्रशासनिक दबाव भी बढ़ेगा। बैठक में जिले भर के निजी विद्यालय संचालकों ने भाग लिया और अपनी-अपनी समस्याएं व सुझाव प्रस्तुत किए।
