ग्वालियर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार, 11 अप्रैल को एक बार फिर ग्वालियर-चंबल के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी ईसागढ़ तहसील स्थित आनंदपुर धाम में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उनका ट्रांजिट स्टे ग्वालियर में रहेगा, जहां वे आने और जाने में दोनों बार सिर्फ 5-5 मिनट के लिए रुकेंगे। पीएम मोदी दोपहर 2 बजे ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचेंगे और यहां से सेना के हेलिकॉप्टर से अशोकनगर के लिए रवाना होंगे।
कार्यक्रम के बाद वे शाम करीब 6 बजे वापस ग्वालियर लौटेंगे और यहां से दिल्ली रवाना होंगे। प्रधानमंत्री की आत्मीय अगवानी के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। महाराजपुरा हवाईअड्डे की ओर जाने वाले सभी रास्तों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले भिंड रोड पर यातायात डायवर्ट किया जा सकता है।
दरअसल, ईसागढ़ तहसील स्थित आनंदपुर धाम में 12 अप्रैल से वार्षिक बैसाखी मेले का आयोजन शुरू हो रहा है। जिसमें देश-विदेश के श्रद्धालु शामिल होंगे और आनंद सरोवर में स्नान कर गुरु महाराज के समक्ष मत्था टेकेंगे। बैसाखी मेले की शुरुआत से पहले 11 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी आनंदपुर धाम पहुंचेंगे और श्रद्धा निवेदन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की ट्रांजिट विजिट को लेकर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
