
9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच
इंदौर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर गंभीर गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सोमवार से शासकीय एमटीएच अस्पताल में 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमावायरस) वैक्सीन लगाई जाएगी। यह अभियान एमजीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एमटीएच अस्पताल में 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ संघ की अध्यक्ष डॉ. सुमित्रा यादव ने बताया कि इस टीकाकरण अभियान के अंतर्गत बीपीएल श्रेणी की बालिकाओं को वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। सामान्यतः इस वैक्सीन की कीमत लगभग 9000 प्रति डोज होती है। वैक्सीन रूम नं. जी 2 में लगाई जाएगी, जहां एक हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। एचपीवी वैक्सीन शरीर को एचपीवी के 6, 11, 16 और 18 प्रकारों से सुरक्षा प्रदान करती है। ये वायरस सर्वाइकल कैंसर, जेनिटल मस्से, गांठें, मुंह, गले, सिर और गर्दन के कैंसर के लिए जिम्मेदार माने जाते हैं। वैक्सीन संक्रमण से बचाव का प्रभावी माध्यम है, विशेषकर किशोरावस्था में। टीकाकरण के लिए बालिकाओं को जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, और माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड (सहमति हेतु) साथ लाना अनिवार्य है।
