45 से अधिक किसानों को नुकसान
जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत ग्राम मोहतरा स्थित बंधा हार क्षेत्र में नरवाई जलाने की घटना ने विकराल रूप ले लिया, जिससे लगभग 100 एकड़ गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस अग्निकांड में 45 से अधिक किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।जानकारी के अनुसार, मोहतरा निवासी काशी प्रसाद पटेल (52 वर्ष) जो कि एक किसान हैं, अपने पिपरहा खेत में गेहूं की फसल कटवा रहे थे।
उसी समय पड़ोस के खेत में अशोक शुक्ला, उसका साढू भाई प्रदीप तिवारी एवं खागामऊ निवासी गोविन्द पटेल द्वारा नरवाई में आग लगाई जा रही थी। देखते ही देखते आग फैलते हुए काशी प्रसाद के खेत तक पहुंच गई, जिससे उनकी करीब 20 एकड़ की फसल जलकर राख हो गई।काशी प्रसाद पटेल ने थाना गोसलपुर में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि इस अग्निकांड में सिर्फ उनकी ही नहीं, बल्कि आसपास के किसानों जैसे सुखराम चौधरी, राजेन्द्र पटेल सहित 45 अन्य किसानों की फसलें भी चपेट में आ गईं।
खेतों में लगे नोजल, डोरी, स्टाटर आदि भी आग की भेंट चढ़ गए। अनुमानित तौर पर सिर्फ काशी प्रसाद पटेल को ही लगभग 400 क्विंटल गेहूं का नुकसान हुआ है। आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, जिनकी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पाना संभव नहीं हो पाया। किसानों ने जब अशोक शुक्ला एवं उसके साथियों को रोका तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
