नयी दिल्ली 05 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने राष्ट्रीय राजधानी में आयुष्मान भारत योजना लागू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है और कहा कि भाजपा सरकार ने इस योजना का दोहरा लाभ दिल्ली वालों को देने का वादा विधानसभा चुनाव के दौरान अपने संकल्प पत्र में किया था, जिससे महज 45 दिन में पूरा कर दिया है।
श्री सचदेवा ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि मात्र 45 दिन में महिला समृद्धि योजना के जरिये महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये देने और आयुष्मान भारत योजना के तहत 10 लाख रुपये का निशुल्क इलाज की सुविधा देने जैसे महत्वपूर्ण और बड़े आर्थिक व्यय वाली योजनाओं की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करके मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की भाजपा सरकार ने एक कीर्तिमान बनाया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के विश्व स्तरीय शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला कल्याण के दावे थोथे दावे थे, लेकिन दिल्ली की नव स्थापित भाजपा सरकार एक वर्ष में अपने संकल्प पत्र के लगभग सभी वादों की पूर्ति का रोड मैप जारी कर देगी।
