सराफा बाजार में हुई छेड़छाड़ की घटना
आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
इंदौर: शनिवार देर रात सराफा बाजार में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना सामने आई. जब युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी बहन और दोस्त पर भी हमला कर दिया. मामले की सूचना मिलते ही सराफा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.साधु वासवानी नगर निवासी में रहने वाली पीड़िता ने सराफा थाने पहुंच कर एक अज्ञात युवक और उसके साथी के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट का मामला दर्ज कराया है.
युवती ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी बहन और दोस्त के साथ छोटा सराफा स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गई थी, थाली लेने के दौरान आरोपी युवक ने युवती को गलत तरीके से छूने की कोशिश की. युवती के इग्नोर करने पर उसने अश्लील टिप्पणियां कीं. जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने दोबारा कंधे पर गलत इरादे से हाथ रखा. युवती के मना करने पर आरोपी ने अपशब्द कहना शुरू कर दिया.
जब युवती का दोस्त बीच-बचाव करने आया तो आरोपी ने उसे धक्का दे दिया. इस दौरान पीड़िता की बहन ने विरोध किया, तो आरोपी का एक और साथी आ गया. दोनों आरोपियों ने युवती और उसकी बहन के बाल पकड़कर बेरहमी से पिटाई कर दी. इसी दौरान एक आरोपी ने युवती के मुंह पर लात मार दी, जिससे उसे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. घटना की सूचना मिलते ही सराफा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. इसके बाद पुलिस ने युवती को मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल भेज आरोपियों की तलाश शुरु की. पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरु की.
