फिरोजाबाद 29 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जनपद के थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में देवी दर्शन को करौली जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली साइकिल सवार बच्चे को बचाने के चक्कर में शनिवार को असंतुलित होकर खाई में गिरकर पलट गई। इस दुर्घटना में आठ लोग घायल हो गये।
थाना रसूलपुर क्षेत्र में आज एक ट्रैक्टर ट्रॉली श्रद्धालुओं से भरकर राजस्थान करौली देवी के लिए दर्शनों को जा रही थी। तभी थाना वसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव बरकतपुर के समीप पहुंचने पर अचानक एक बच्चा ट्रैक्टर ट्राली के सामने आ गया जिसको बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित होकर खाई में जा गिरी । दुर्घटना से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय ग्रामीणों और थाना पुलिस के साथ मिलकर दबे हुए लोगों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
