तमिलनाडु के मुद्दों पर अमित शाह के साथ किसी गठबंधन पर चर्चा नहीं हुई: पलानीस्वामी

नयी दिल्ली/चेन्नई 26 मार्च (वार्ता) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड मुनेत्र कषगम(अन्नाद्रमुक) महासचिव एवं तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ईके पलानीस्वामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ नयी दिल्ली में बैठक के एक दिन बाद बुधवार को 2026 के लोकसभा चुनावों के लिए संभावित गठबंधन के फिर से शुरू होने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि बैठक में किसी गठबंधन पर चर्चा नहीं हुई।

चेन्नई के लिए रवाना होने से पहले नयी दिल्ली हवाई अड्डे पर श्री पलानीस्वामी ने संवाददाताओं से कहा कि मंगलवार रात श्री शाह के आवास पर हुई बैठक के दौरान उन्होंने मौजूदा कानून और व्यवस्था की स्थिति, दो-भाषा फार्मूले की रक्षा, एसएसए और एमजीएनईआरजीएस सहित विभिन्न योजनाओं के तहत राज्य को देय धनराशि जारी करना, नशीली दवाओं के खतरे को नियंत्रित करना और हाल ही में ईडी द्वारा उजागर किए गए 1,000 करोड़ रुपये के टीएएसएमएसी घोटाले की जांच जैसे राज्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, “हमने गठबंधन के बारे में कुछ भी बात नहीं की। चुनाव अभी एक साल दूर हैं और कोई भी गठबंधन उस समय की स्थिति के अनुसार आकार लेगा।”

श्री पलानीस्वामी का मानना है कि भाजपा के साथ संबंधों को पुनर्जीवित करने का कोई सवाल ही नहीं है और 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) से बाहर निकलने के बाद अन्नाद्रमुक भविष्य में कभी भी उसके साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने संबंधों को पुनर्जीवित करने की संभावना से स्पष्ट रूप से इनकार नहीं किया और संक्षेप में संकेत दिया कि यह गठबंधन के लिए खुला है।

उन्होंने दोहराया कि अभी गठबंधन के बारे में बात करने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि चुनाव अभी एक साल दूर हैं। उन्होंने कहा , “विचारधारा गठबंधन से अलग होती है। स्थिति के आधार पर गठबंधन बदलेगा। गठबंधन की बातचीत चुनाव के समय ही होगी और यह उस समय की स्थिति पर निर्भर करता है।”

अन्नाद्रमुक नेता ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री को यह भी बताया कि परिसीमन अभ्यास के तहत तमिलनाडु को कोई भी सीट नहीं खोनी चाहिए। इसके अलावा कर्नाटक और केरल से जुड़े क्रमशः मेकेदातु और मुल्लापेरियार बांध के मुद्दों को उठाया जाना चाहिए और गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना में तेजी लानी चाहिए।

Next Post

दिल्ली विधान सभा में जल्द जुड़ेंगी ‘ई-विधान सभा’ की सुविधाएं: विजेंद्र गुप्ता

Wed Mar 26 , 2025
नयी दिल्ली, 26 मार्च (वार्ता) दिल्ली विधान सभा के बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सभा के काम काज में डिजिटल प्रौद्योगिकी का प्रयोग कर इसे आगामी मानसून सत्र तक ‘‘ई-विधान सभा” बना दिया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय […]

You May Like