मुरैना: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बुधवार को मुरैना में रोटरी क्लब के मेगा स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करेंगे और आम जनता को संबोधित करेंगे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री मुरैना के पांचवीं बटालियन ग्राउंड में उतरेंगे। वहां से वे सीधे पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करेंगे। इस शिविर में 300 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी, जो लगभग 3000 मरीजों का इलाज करेगी।
कार्यक्रम के लिए एक भव्य मंच तैयार किया गया है, जहां से मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। स्थानीय प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और ग्वालियर-चंबल संभाग के कई जिलों से लोगों को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर में सुबह से शाम 4 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
