अशोकनगर: शुक्रवार शनिवार की मध्य रात्रि में बहादुरपुर कस्बे से एक किलोमीटर दूर सुमेर गांव में नेशनल हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी आठ लोग घायल हो गए। जिनमें से चालक समेत तीन की स्थिति अत्यधिक गंभीर है। कार में सवार परिवार छतरपुर के अमर गंवा गांव से करीला स्थित मां जानकी मंदिर जा रहा था। इस परिवार के दीपक अहिरवार, राजेश अहिरवार, पुष्पा अहिरवार, ऊषा अहिरवार, रोशनी अहिरवार, गनुआ अहिरवार और उसकी पत्नी समेत चालक गंभीर घायल हुए हैं।
बताया गया है कि शुक्रवार शनिवार मध्य रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि सुमेर पर एक सड़क दुर्घटना हुई है। जिसमें कई लोग बुरी तरह घायल हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बहादुरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां ड्यूटी डॉक्टर शिवम् यादव समेत स्वास्थ्य कर्मी चारु शर्मा, संजय गिरी, हिम्मत कुशवाह, बबलू वाल्मीकि और धर्मेंद्र वाल्मीकि ने घायलों को त्वरित उपचार दिया। डॉक्टर यादव ने बताया कि घायलों को चोटों के कई घाव थे। कुछ घायलों को फ्रैक्चर भी थे। जिनके टांके लगाने और बैंडेज बांधने में दो घंटे लग गए।
नियमों से परे जा कर की घायलों की मदद
डॉ शिवम यादव ने बताया कि नियमानुसार घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सिविल अस्पताल या जिला अस्पताल रिफर किया जाता है। किंतु उनकी स्थिति ऐसी थी कि अशोकनगर से उन्हें भोपाल रिफर कर दिया जाता। इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों से सलाह मशविरा करने के बाद घायलों के बेहतर उपचार के लिए उन्हें 108 के तीन वाहनों से भोपाल भेजा गया है।
