मां ने जान पर खेलकर बचाई बच्ची की जान
इंदौर:पंचकुइया राम मंदिर परिसर में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब दो साल की मासूम बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. कुत्तों ने बच्ची को घसीटते हुए हमला किया, जिससे उसकी आंख, सिर और शरीर पर गहरे घाव हो गए. मासूम की चीख सुनकर उसकी मां दौड़ी और अपनी जान पर खेलकर बच्ची को बचाने की कोशिश की. मां ने एक कुत्ते के जबड़े से बच्ची का सिर निकाला और दूसरे हाथ से उसे संभालते हुए कुत्तों को भगाने लगी.
इस दौरान वह भी घायल हो गई. वहां मौजूद पिता और दर्शनार्थियों ने कुत्तों को पत्थरों और डंडों से खदेड़ा, तब जाकर कुत्ते भागे. घटना के बाद बच्ची को गंभीर हालत में चार अस्पतालों में घुमाने के बाद एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के सिर की ऊपरी त्वचा बुरी तरह नोची गई है और आंख के पास गहरा घाव हो गया है. पलक का हिस्सा भी कट गया है. डॉक्टरों ने उसे एंटी रेबीज इंजेक्शन भी दिया है, बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर है, लेकिन ठीक होने में एक माह का समय लगेगा. फिलहाल बच्ची की हालत ठीक है.
