
गुना जिले के आरोन कस्बे के पास हुआ हादसा
गुना: गुना जिले से मोटरसाइकिल लेकर अशोकनगर स्थित करीला धाम जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। हादसा बुधवार देर शाम को हुआ है।
बताया जा रहा है कि गुना जिले की कुंभराज तहसील निवासी 42 वर्षीय कालूराम धाकड़ अपनी मोटरसाइकिल लेकर राघौगढ़-आरोन मार्ग से होते करीला जा रहे थे। आरोन से लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे अशोकनगर रोड पर पहुंचते ही कालूराम की मोटरसाइकिल सामने से आ रही दूसरे मोटरसाइकिल से टकरा गई। दुर्घटना में कालूराम धाकड़ बुरी तरह जख्मी हो गए। कालूराम धाकड़ के परिजनों ने उन्हें आरोन सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर्याप्त उपचार नहीं मिलने के बाद परिजनों ने धाकड़ को गुना जिला अस्पताल रेफर करवा लिया। हालांकि घटना के समय आरोन सिविल अस्पताल में एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी। इसलिए उनके परिजनों को निजी वाहन लाने में समय लग गया। घायल कालूराम को परिजन गुना जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते एम्बुलेंस उपलब्ध हो जाती तो शायद कालूराम धाकड़ की जान बच सकती थी। इस हादसे के बाद गुरुवार सुबह कालूराम धाकड़ के शव का पोस्टमार्टम गुना जिला अस्पताल में कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
